Search

 
 
 

मिडिल ईस्ट तनाव से सहमा शेयर बाजार, सेंसेक्स 821 अंक लुढ़का, इटर्नल 4.49% टूटी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों की चिंता बढ़ गई, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ देखने को मिल रहा है.
 

Lagatar Desk : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों की चिंता बढ़ गई, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ देखने को मिल रहा है. 

 

गुरुवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. सेंसेक्स 494 अंकों की गिरावट के साथ 76,369.65 पर खुला. वहीं निफ्टी 50 करीब 192 अंक यानी लगभग 0.80 प्रतिशत गिरकर 23,674.85 पर खुला. 

 

हालांकि थोड़े देर के बाद फिर बाजार में फिर गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 821.51 अंक फिसलकर 76042.20 के लेवल पर ट्रेड करने लगा. जबकि निफ्टी 255.50 अंक टूटकर 23611.5 के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है.  

 

आज के कारोबार में 30 शेयरों वाले सेंसेक्स के केवल दो शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं. बाकि के 28 शेयर लाल निशान पर ट्रे़ड कर रहे हैं.  टेक महिंद्रा में सबसे अधिक 0.31 फीसदी की तेजी देखी जा रही है. वहीं इटर्नल में सबसे अधिक 4.49 फीसदी की गिरावट देखी जा रही है.  

 

विदेशी निवेशक तेजी आने पर बेच रहे शेयर

विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी, मजबूत डॉलर और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ है. 

 

बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा के मुताबिक, फिलहाल विदेशी निवेशक बाजार में तेजी आने पर भी शेयर बेच रहे हैं, जिससे बाजार में हर उछाल कमजोर पड़ रहा है.

 

यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव की वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में जोखिम बढ़ गया है. 

 

हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को लेनी होगी अनुमति

खबरों के अनुसार, ईरान के नौसेना प्रमुख ने कहा है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को ईरान की अनुमति लेनी होगी, नहीं तो उन्हें निशाना बनाया जा सकता है.  इससे दुनिया में तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. 

 

इस बीच WTI क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिससे महंगाई बढ़ने और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव की चिंता भी बढ़ गई है. 

 

एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो शेयर बाजार में लगभग सभी सेक्टर गिरावट में रहे. निफ्टी ऑटो, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर  में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई और ये तीनों सेक्टर 2 प्रतिशत से अधिक नीचे रहे.

 

इसके अलावा एफएमसीजी, आईटी और फार्मा सेक्टर के शेयर भी कमजोर रहे. कमोडिटी बाजार में भी अनिश्चितता का असर दिखा. सोना करीब 1,61,629 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) पर ट्रेड कर रहा था. जबकि चांदी की कीमत करीब 2,67,121 रुपये प्रति किलोग्राम रही.

 

एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली. जापान का निक्केई 225 करीब 2 प्रतिशत गिर गया. जबकि हांगकांग का हैंगसेंग, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी नीचे रहे.

 

अमेरिकी बाजारों की बात करें तो बुधवार को वहां मिला-जुला रुख देखने को मिला.  एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स में गिरावट रही. जबकि नैस्डैक में हल्की बढ़त दर्ज की गई.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही