Bengaluru News: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान दोनों के बीच आत्मीय मुलाकात हुई और भाई-बहन के स्नेह, विश्वास एवं सम्मान के प्रतीक इस पर्व की शुभकामनाएं साझा की गईं.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला अवसर है. इस पवित्र रिश्ते की भावना समाज और देश को एकजुट करने की प्रेरणा देती है.
रक्षाबंधन के अवसर पर मंत्री ने कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे से भी मुलाकात की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं. मुलाकात के दौरान राजनीतिक एवं समसामयिक विषयों के साथ झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता क्षेत्र के विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई.
इसे भी पढे़ं -
कृषि और पशुपालन क्षेत्र में सहयोग पर जोर
बैठक में झारखंड और कर्नाटक के बीच कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में तकनीकी सहयोग, किसानों के लिए नई तकनीकों के आदान-प्रदान, पशुधन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण, सहकारिता मॉडल और कृषि प्रसंस्करण के क्षेत्र में संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दोनों राज्यों की सफल पहलों से सीख लेने पर भी जोर दिया गया.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कर्नाटक ने कृषि, पशुपालन, दुग्ध क्षेत्र और सहकारिता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं. इन सफल मॉडलों से झारखंड के किसानों, पशुपालकों और सहकारी संस्थाओं को जोड़ने की दिशा में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
उन्होंने कहा कि झारखंड और कर्नाटक के बीच ज्ञान, तकनीक और अनुभवों का साझा उपयोग किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. झारखंड सरकार किसानों और पशुपालकों के हित में देश के विभिन्न राज्यों की सफल पहलों को अपनाने और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

