Latehar News: पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को बेतला नेशनल पार्क सभागार में जल जीवन मिशन (JJM) की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में चल रही जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार और योजनावार समीक्षा की गई.
अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, पूर्ण और लंबित कार्यों, निर्माण की स्थिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति से जुड़ी जानकारी मंत्री के समक्ष रखी. समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में संवेदकों की लापरवाही, धीमी प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं होने की बात सामने आई.
इसे भी पढ़ें:
मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. गंभीर मामलों में संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं, अनियमितता की आशंका वाले मामलों में जांच कर संबंधित कार्यपालक अभियंता और संवेदक के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है. इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है. उन्होंने योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने को कहा.
मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण करने, लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा पूर्ण योजनाओं से ग्रामीणों को वास्तव में पानी मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया.
विभागीय सचिव अबु इमरान ने भी ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा. बैठक में जलस्रोत, पाइपलाइन, आधारभूत संरचना, योजनाओं के संचालन और रख-रखाव समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई.
बैठक में जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद सहित संबंधित जिलों के डीडीसी, विभागीय अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी, संवेदक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

