Ranchi News: झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग ने भूवैज्ञानिक और खनिज नमूनों की जांच के लिए आधुनिक रिसर्च माइक्रोस्कोप खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है. भूविज्ञान निदेशालय ने इसके लिए एनआईटी संख्या 01/2026-27 के तहत निविदा जारी की है.
निदेशालय एक ऐसा रिसर्च माइक्रोस्कोप खरीदेगा, जिसमें कैमरा और जांच से जुड़ा सॉफ्टवेयर लगा होगा. इसका इस्तेमाल भूवैज्ञानिक और खनिज नमूनों की जांच और प्रयोगशाला में शोध के लिए किया जाएगा. फिलहाल एक माइक्रोस्कोप खरीदने की योजना है. जरूरत पड़ने पर इसी तय दर पर एक और माइक्रोस्कोप खरीदा जा सकता है.
टेंडर में दो स्तर की निविदा प्रक्रिया रखी गई है. इसमें तकनीकी और वित्तीय निविदा अलग-अलग जमा करनी होगी. इसके लिए कोई निविदा शुल्क नहीं लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें -
टेंडर में शामिल होने वाली कंपनी का पिछले तीन वित्तीय वर्षों का औसत सालाना कारोबार कम से कम 50 लाख रुपये होना चाहिए. माइक्रोस्कोप बनाने वाली कंपनी का औसत सालाना कारोबार कम से कम 1 करोड़ रुपये होना जरूरी है. कंपनी की कुल संपत्ति उसकी देनदारी से अधिक यानी सकारात्मक नेट वर्थ भी होनी चाहिए.
चयनित कंपनी को आदेश मिलने के 90 दिनों के अंदर माइक्रोस्कोप की आपूर्ति करनी होगी. उपकरण पर 5 साल की व्यापक वारंटी और 3 साल का रखरखाव अनुबंध देना होगा.
सफल कंपनी को कुल अनुबंध राशि का 2 प्रतिशत सुरक्षा राशि के रूप में जमा करना होगा. टेंडर से जुड़ी जानकारी झारखंड सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है. आवेदन भूविज्ञान निदेशालय, इंजीनियर्स हॉस्टल नंबर-2, दूसरी मंजिल, धुर्वा, रांची के पते पर जमा किया जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

