Jamtara News: नारायणपुर थाना क्षेत्र के गिरिडीह-पांडेडीह मुख्य मार्ग पर दुलाडीह गांव के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और पुत्र घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार बुढ़ई ढाकोडीह गांव निवासी भरत पंडित (38 वर्ष) अपनी पत्नी दुलारी देवी और पुत्र अजय पंडित के साथ सीकरपोषणी गांव से अपने ससुराल टोपाटांड़ की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान गिरिडीह-पांडेडीह मुख्य मार्ग पर दुलाडीह गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही थार वाहन संख्या जेएच-15-एक्यू-9890 ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भरत पंडित की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनकी पत्नी दुलारी देवी और पुत्र अजय पंडित भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत पंडित को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल दुलारी देवी और अजय पंडित को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
भरत पंडित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. एक ही हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया, जबकि पत्नी और पुत्र जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और थार वाहन के चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

