Search

सांसद ढुल्लू महतो का अल्टीमेटम, धनबाद एयरपोर्ट नहीं बना तो उग्र होगा आंदोलन

  • अब होगा चक्का जाम और रेल रोको आंदोलन

Dhanbad : कोयलांचल धनबाद में लंबे समय से लंबित हवाई अड्डा (एयरपोर्ट) निर्माण की मांग अब एक बड़े राजनीतिक आंदोलन में तब्दील हो चुकी है. शुक्रवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित एक विशाल धरना-प्रदर्शन के दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने झारखंड सरकार को सीधी चुनौती देते हुए आगामी समय में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है. इस प्रदर्शन ने शहर के सियासी तापमान को चरम पर पहुंचा दिया है.

Uploaded Image

शक्ति प्रदर्शन के साथ सरकार पर दबाव

गोल्फ ग्राउंड से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. रैली का समापन रणधीर वर्मा चौक पर हुआ जहां आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन में यह साफ संदेश दिया गया कि धनबाद की जनता अब हवाई अड्डे को लेकर और अधिक इंतजार करने के मूड में नहीं है.

 

सांसद की दो-टूक, यह सिर्फ झांकी है, फिल्म अभी बाकी है

सांसद ढुल्लू महतो ने मंच से सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एयरपोर्ट निर्माण के लिए जल्द स्वीकृति और जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा. उन्होंने कहा कि अब केवल धरना नहीं बल्कि धनबाद की सड़कों पर चक्का जाम किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो रेल रोको आंदोलन भी छेड़ा जाएगा.

 

 

सांसद ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार का दायित्व एयरपोर्ट के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराना और  केंद्र सरकार से फंड उपलब्ध कराने की पूरी जिम्मेदारी हमारी होगी. उन्होंने राज्य सरकार पर इस परियोजना के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया.

 

वहीं, इस प्रदर्शन में शामिल हुए पूर्व सांसद पी.एन. सिंह ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि बलियापुर क्षेत्र में लगभग 640 एकड़ जमीन एयरपोर्ट के लिए पहले ही चिन्हित की जा चुकी है.

 

कुल लगभग 750 एकड़ भूमि की आवश्यकता है. इस दौरान पी एन सिंह ने राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि शेष भूमि अधिग्रहण और प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके.

 

धनबाद के लिए एयरपोर्ट की मांग दशकों पुरानी है लेकिन इस बार का आंदोलन पहले से अधिक संगठित और आक्रामक दिखाई दे रहा है. राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रशासन ने इस पर समय रहते संज्ञान नहीं लिया तो यह मुद्दा धनबाद की राजनीति में सत्ता-विरोधी लहर का बड़ा कारण बन सकता है.

 

फिलहाल इस विशाल प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि धनबाद अब केवल वादों से संतुष्ट होने वाला नहीं है. एयरपोर्ट निर्माण की मांग अब आम जनता की महत्वाकांक्षा से जुड़कर एक बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा करने की तैयारी में है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//