- गिरिडीह में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- वर्ली उपसभापति के घर से चोरी मामले में मारा छापा
- थार समेत लाखों के जेवरात बरामद
Giridih : मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में छापेमारी की है. यह कार्रवाई मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में उपसभापति संजय अहीर के घर से हुई 2.65 करोड़ की चोरी मामले में की गई है. पुलिस ने पंडरिया व सांख गांव में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी के माल बरामद किए हैं. साथ ही चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी भी जब्त की है.
मुंबई पुलिस के अनुसार, पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र स्थित उपसभापति के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में तैनात थे. दोनों पर लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे‑धीरे आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान चुराने का आरोप है.
घर से लगातार सामान गायब होने की शिकायत मिलने पर वर्ली पुलिस ने जांच की, जिसमें 2.65 करोड़ की चोरी का मामला सामने आया. मामले में वर्ली पुलिस ने कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार की. इसके बाद वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर और सीआईडी टीम आरोपियों को लेकर गिरिडीह पहुंची और गावां थाना पुलिस के साथ मिलर पंडरिया व सांख गांव में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान करीब 4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी के सामान बरामद किए. साथ ही पुलिस ने जांच में पाया कि चोरी की रकम से एक महिंद्रा थार खरीदी गई थी, जिसे भी जब्त कर लिया गया. गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि बरामद सामान और वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment