Ranchi News: नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ वार्ड संख्या 23 का निरीक्षण किया. इस दौरान गुरुनानक स्कूल और स्कूल के पीछे कडरू मार्ग से लाला लाजपत राय स्कूल मार्ग और हरमू नदी तट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी की वर्तमान स्थिति का जायजा किया. जल प्रवाह में आ रही बाधाओं के बारे में अवगत हुए. नदी तट पर फैली गंदगी,अतिक्रमण, अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को बारे में जानकारी प्राप्त किए. इसके साथ ही आसपास की नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया.
इस मौके पर नगर आयुक्त ने हरमू नदी के आसपास के क्षेत्र को बेहतर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया. अभियंत्रण शाखा को नदी एवं तालाब के आसपास बोल्डर ब्लॉक लगाकर पेंटिंग करने का निर्देश दिया. पुल के दोनों ओर जालीनुमा घेराबंदी करने के निर्देश दिए. ताकि नदी में कचरा फेंकने एवं गंदगी फैलाने की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने कहा कि नदी तट की स्वच्छता के साथ-साथ क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जाए. नगर आयुक्त ने DAY-NULM टीम को मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY) के तहत 50 श्रमिकों को सफाई अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया. इसके माध्यम से नदी तट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिए है. वहीं स्वच्छता शाखा को पोकलेन मशीन के माध्यम से नदी में जमा कचरे एवं गंदगी को हटाने निर्देश दिए. इसके अलावा विद्युत शाखा को सभी खराब पड़ी पथ बत्तियों को अविलंब दुरुस्त करने को कहा गया.
गुरुनानक जयंती एवं प्रभात फेरी मार्ग पर विशेष व्यवस्था
गुरुनानक जयंती के अवसर पर निकलने वाली प्रभात फेरी को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने रातू रोड, अपर बाजार, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, सुजाता चौक से पीपी कंपाउंड तक के निर्धारित मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया. पूरे मार्ग की व्यापक सफाई के साथ वाटर प्रिंकलर के माध्यम से सड़कों की धुलाई एवं सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि प्रभात फेरी में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके.
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक और रांची नगर निगम की संबंधित शाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

