Ranchi News: करम पर्व को देखते हुए नगर निगम अलर्ट है. श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. इसी क्रम में आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न सरना स्थलों एवं अखड़ों का निरीक्षण कर निगम स्तर से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया.
नगर आयुक्त सहजानंद चौक स्थित देशावाली सरना-सह-अखड़ा, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करमटोली चौक स्थित सरना स्थलों एवं अखड़ों का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि करमा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाए. नगर निगम 53 वार्डों में 298 सरना अखड़ों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, सड़क एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए. उनके फीडबैक और आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई की जाए.
निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश
सभी अखड़ों, परिसर और संपर्क पथों पर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. घास की कटाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विद्युत शाखा द्वारा सभी सरना स्थलों एवं अखड़ों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर नियमित मॉनिटरिंग की जाए. अभियंत्रण शाखा द्वारा आवश्यकता के अनुसार सरना स्थलों में पेवर ब्लॉक, स्टोन डस्ट औऱ खुले नालों पर स्लैब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
हॉर्टिकल्चर शाखा द्वारा सरना स्थलों और अखड़ों में आकर्षक पौधारोपण व सूखे पेड़ों एवं लटकती डालियों की छंटाई करने का निर्देश दिए. जलापूर्ति शाखा द्वारा विभिन्न सरना स्थलों एवं अखड़ों में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. इस मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि करमा पर्व झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं सामुदायिक परंपरा से जुड़ा पवित्र पर्व है.
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और आवश्यक नागरिक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों. निगम स्तर से की जा रही तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है.
मौके पर वार्ड पार्षद, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, नगर प्रबंधक एवं निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

