Ranchi News: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने नगरीय प्रशासन निदेशालय के सामने एकदिवसीय धरना दिया. कर्मचारियों ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, पेंशन में की गई कटौती वापस लेने और नगर निकायों में नियमों के अनुसार नियुक्ति की मांग उठाई.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष नरेश राम ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी लंबे समय से सेवा दे रहे हैं.सेवा के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलनी चाहिए, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके. उन्होंने कहा कि मैट्रिक पास कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिल रही है, जबकि इंटर पास कर्मचारियों के मामले में कुछ नियुक्तियां हुई हैं.
इसे भी पढ़ें:
कर्मचारियों ने बताया कि नगर निगम में इंटर पास कुल 37 कर्मचारी हैं.इनमें से 16 लोगों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. संघ ने नियुक्ति प्रक्रिया को स्पष्ट और नियम के अनुसार पूरा करने की मांग की.
नगर निगम कर्मचारी संघ के लोगों ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में बिना पूर्व सूचना के अचानक 20 प्रतिशत की कटौती कर दी गई है. इसे गलत बताते हुए कटौती वापस लेने की मांग की.
कर्मचारियों ने कहा कि झारखंड बने 26 साल हो गए, लेकिन नगर निकायों से जुड़े कई नियम अब तक स्पष्ट रूप से नहीं बनाए गए हैं.डीएमए तो बना, लेकिन उसके अनुरूप नियम नहीं बनाए गए.नगर निकायों को अपने आर्थिक स्रोत से पेंशन देने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब पेंशन में कटौती की जा रही है.
धरना दे रहे कर्मचारियों ने नगर निगम में संविदा नियुक्तियों को लेकर भी सवाल उठाए.करमचारियों ने कहा कि जब नियमित पद ही स्वीकृत नहीं हैं तो संविदा पर नियुक्ति किस आधार पर की जा रही है. कर्मचारियों ने कहा कि पद रहने पर ही संविदा पर बहाली का प्रावधान है, इसलिए इस मामले की भी जांच होनी चाहिए.
कर्मचारियों ने पारिवारिक पेंशन को लेकर भी नाराजगी जताई. उनका कहना था कि म्यूनिसिपल एक्ट के तहत पारिवारिक पेंशन देने की बात की जा रही है, लेकिन कई परिवारों को पांच साल तक 2,500 रुपए से भी कम राशि मिल रही है.कर्मचारियों ने इसे बेहद कम बताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की.
धरना में संघ के अध्यक्ष नरेश राम, उपाध्यक्ष राजू मुंडा, मंत्री शशिकांत कुमार, उपमंत्री मो. रब्बानी, कोषाध्यक्ष मुन्नी टोप्पो, सह-कोषाध्यक्ष सीमा कुमारी समेत बड़ी संख्या में नगर निगम कर्मचारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

