Ranchi: प्लास्टिक मुक्त रांची बनाने को लेकर नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. जनवरी से अब तक चलाए गए अभियान में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने 649.5 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए. इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों पर 2.32 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाए.
इसे भी पढ़ें:
नगर निगम की टीम शहर के विभिन्न बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट, सब्जी और फल मंडियों समेत अन्य इलाकों में नियमित जांच अभियान चला रही है.जांच के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
नगर निगम के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण, जल स्रोतों, पशु-पक्षियों और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. प्लास्टिक कचरे से नालियां जाम होती हैं. नदी और तालाबों में जलभराव की समस्या बढ़ती है और प्रदूषण भी फैलता है. इन्हीं समस्याओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
निगम ने दुकानदारों और शहरवासियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और उसकी जगह कपड़े, जूट, कागज या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है. निगम ने चेतावनी दी है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण या बिक्री करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

