Ranchi : रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर, खोरहा टोली में हुई तांत्रिक रमेश ठाकुर की हत्या का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल देसी पिस्टल, खून लगा पिलास, लूटे गए आभूषण, बाइक और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है.
रांची SSP के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और डीएसपी सदर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया जिसमें इस पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया. जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई की रात अज्ञात अपराधियों ने रमेश ठाकुर की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद आरोपी आभूषण लेकर फरार हो गए थे. मृतक के बेटे आकाश ठाकुर की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने अमित चौधरी, निरंजन स्वासी उर्फ नीरज और सचिन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया. पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. रमेश ठाकुर खुद को तांत्रिक बताते थे और युवकों से दोस्ती कर उन्हें यह विश्वास दिलाते थे कि विशेष तांत्रिक प्रक्रिया से धन की वर्षा होगी. इसी लालच में तीनों आरोपी काफी समय तक उनके संपर्क में रहे. जब लंबे समय तक उन्हें कोई धन नहीं मिला, तो तीनों ने रमेश ठाकुर की हत्या की योजना बनाई.
घटना वाली रात वे बाइक से पिस्टल लेकर उनके घर पहुंचे. इसके बाद आरोपियों ने रमेश ठाकुर पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं लगी. इसके बाद पास में रखे पिलास से उनके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी उनके आभूषण लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, खून लगा पिलास, मृतक के लूटे गए रोल गोल्ड के आभूषण, खून लगे कपड़े, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment