- – निवेश और शहरी सुविधाओं के विस्तार से बदलेगी शहर की तस्वीर
Ranchi: रांची में स्मार्ट सिटी परियोजना लंबे समय से जमीन से जुड़ी जटिलताओं में फंसी हुई थी, लेकिन जमीन के म्यूटेशन की प्रक्रिया लगभग पूरी होने से प्रोजेक्ट के सामने खड़ी सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है. इससे विकास कार्यों को अब नई रफ्तार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.
करीब 650 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर को आधुनिक और व्यवस्थित रूप देने की योजना है. इसमें आवासीय परिसर, व्यवसायिक जोन, संस्थागत ढांचे और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाने हैं. लेकिन अब तक भूमि अभिलेखों की समस्या, स्वामित्व से जुड़े विवाद और कागजी प्रक्रियाओं के कारण कई अहम योजनाएं शुरू नहीं हो पा रही थीं.
निवेशकों का बढ़ेगा भरोसा
म्यूटेशन की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद अब निजी निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और नए प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी. इससे पहले जो प्रोजेक्ट फाइलों में अटके हुए थे, उनके जमीन पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है. स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आईटी पार्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शैक्षणिक संस्थान, स्मार्ट ट्रांसपोर्ट और हरित क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया जा रहा है. इससे न केवल शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है.
दो प्रोजेक्ट्स के बिल्डिंग प्लान को मंजूरी
करीब 450 एकड़ जमीन का म्यूटेशन पूरा हो चुका है, जबकि शेष क्षेत्र में यह प्रक्रिया जारी है. इसी के साथ स्मार्ट सिटी क्षेत्र में भूखंडों का आवंटन भी किया जा चुका है और दो प्रमुख सब-प्रोजेक्ट्स के बिल्डिंग प्लान को मंजूरी मिल गई है. इससे संकेत मिलता है कि अब परियोजना कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर जमीन पर उतरने लगी है और निर्माण गतिविधियों को आने वाले समय में तेजी मिल सकती है.
नॉलेज हब के रूप में होगा विकसित
करीब एक दशक से चल रही इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए यह चरण अहम माना जा रहा है. आने वाले समय में शहर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ सकता है. इसे नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके तहत कई शैक्षणिक संस्थान को मंजूरी दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment