Ranchi News : नामकुम अंचल कार्यालय से जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब होने और दाखिल-खारिज में कथित अनियमितताओं के मामले में झारखंड हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. कोर्ट ने ACB को मामले में FIR दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया है.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद ACB ने FIR दर्ज करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों को जुटाया जा रहा है. प्रारंभिक स्तर पर जांच के बाद जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करने की तैयारी है.
मामला नामकुम अंचल में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड गायब होने और दाखिल-खारिज में कथित गड़बड़ियों से जुड़ा है. आरोप है कि जांच के लिए आवश्यक मूल राजस्व अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए. वहीं, विवादित जमीन के म्यूटेशन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं.
ACB की FIR के बाद मामले में संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा सकती है. जांच में गड़बड़ी सामने आने पर कई अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


