Bokaro News : बोकारो में भी बैंक कर्मियों की देशव्यापी हड़ताल का असर देखने को मिला. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. हड़ताल के कारण कई बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हुआ है, जिससे ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें
बैंक कर्मचारी संघ के डीजीएस राघव कुमार सिंह ने बताया कि इस हड़ताल के पीछे कई प्रमुख मांगें हैं. इनमें बैंकों में एलआईसी और जीआईसी की तर्ज पर पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, वर्ष 2010 के बाद बैंकिंग सेवा में शामिल कर्मियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने और बैंकों में कर्मचारियों की कमी को दूर करने की मांग शामिल है.
इसके अलावा नई इंसेंटिव स्कीम में बदलाव करने की मांग है. कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इंसेंटिव स्कीम को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू किया जाना चाहिए. बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे.
गौरतलब है कि देशभर के बैंक कर्मचारी आज 11 सितंबर को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले आयोजित इस हड़ताल में करीब 8 लाख बैंक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

