Search

 
 
 

सिमडेगा विधायक पर पॉक्सो केस में NCW ने लिया संज्ञान, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए डीजीपी को लिखा पत्र

Bhusan Bara Pocso Case आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर इन आरोपों की विस्तृत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है. आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है.
 
भूषण बाड़ा, कांग्रेस विधायक सिमडेगा.

Ranchi: झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की से कथित यौन शोषण के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज केस  में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है. इसके साथ ही आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर इन आरोपों की विस्तृत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है. आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है.


आयोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए उचित कानूनी कार्रवाई, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता सुनिश्चित करने तथा उसे समुचित चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है.

राजनीतिक और बाहरी प्रभाव से जांच मुक्त रखें


राष्ट्रीय महिला आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए तथा पीड़िता को किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षित रखा जाना चाहिए. महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा है, “प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकार सर्वोपरि है. किसी नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तत्परता से की जानी चाहिए. आरोपी का पद या प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता.”

रांची स्थित विधायक आवास पर दुष्कर्म का आरोप


गौरतलब है कि नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है. पीड़िता ने दो महिलाओं के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करायी है, जिन्होंने विधायक के आवास पर उसे काम पर रखवाया था. इन दोनों महिलाओं पर भी पीड़िता ने शारीरिक तौर पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. 


पीड़िता ने आवेदन में बताया कि पांच अगस्त को विधायक बाड़ा ने अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. पुलिस ने इस केस में 14 नवंबर को पीड़िता का रांची कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया है. इससे पहले 13 नवंबर को उसका मेडिकल चेकअप कराया गया था. पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी है.  

 

दो टर्म से सिमडेगा विधासभा का प्रतिनिधित्व कर रही भूषण बाड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते ‘पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला बताया है. उनका कहना कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिशें की जा रही है. जबकि भाजपा और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. इस मामले को लेकर राजनीतिक हलके में भी बयानबाजी का दौर जारी है. हालांकि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेता खुलकर विधायक का बचाव करते दिख रहे हैं. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही