Ranchi News : झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ उनके घर में काम करने वाली एक नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर यौन शोषण के आरोप को लेकर दर्ज प्राथमिकी के बाद राजनीतिक गलियारे में सनसनी है.
इसे भी पढ़ें...
कांग्रेस पार्टी के विधायक का बचाव कर रही है. जबकि भाजपा ने हमला बोल दिया है. केस दर्ज कर पुलिस पीड़िता का मेडिकल चेकअप और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की कार्रवाई में जुटी है. इस बीच विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनकी छवि धूमिल करने के लिए राजनीतिक साजिश की जा रही है.
हालांकि, पीड़िता ने प्राथमिकी में गंभीर आरोप लगाये हैं. आवेदन के अनुसार सिमडेगा की दो महिलाओं ने उसे पहले विधायक के सिमडेगा आवास पर काम पर रखवाया. इसके बाद रांची स्थित विधायक फ्लैट पर लाया गया, जहां पांच अगस्त को विधायक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया.
नाबालिग के आवेदन के अनुसार उसकी मां बचपन में ही उसे छोड़कर चली गई थी. पिता नहीं हैं. वह अपने दादा के साथ रहती थी. मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा उसे पढ़ाई लिखाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ सिमडेगा ले गईं.
आरोप है कि सिमडेगा पहुंचने के बाद उसी रात उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया. अगले दिन से उससे घर का काम कराया जाने लगा. नाबालिग का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसे फिर सिमडेगा ले जाया गया, जहां एमा बड़ा के निर्माणाधीन किराना दुकान के काम में उससे बालू ढुलवाने जैसे काम कराए गए.
इसके बाद उसे दोबारा रांची लाया गया. सिमडेगा और रांची, दोनों जगहों पर उससे लगातार काम कराया जाता था. काम में थोड़ी भी देरी होने या ठीक से काम नहीं करने का आरोप लगाकर मारपीट की जाती थी. आवेदन में पीड़िता ने इन दोनों महिलाओं के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है.

5 अगस्त को विधायक आवास में क्या हुआ
आवेदन में पीड़िता ने 5 अगस्त की घटना की चर्चा की है. आरोप है कि उस दिन रांची स्थित विधायक आवास में विधायक के आने पर वह पानी लेकर गई थी, तभी विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. विरोध करने और चिल्लाने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया. फिर उसके दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया.
नाबालिग के अनुसार शाम को जोसिमा खाखा के आने के बाद वह अगले दिन उनके साथ सिमडेगा चली गई. वहां से वह अपने गांव में रहने लगी. पीडिता का आरोप है कि कई महीने काम कराने के बाद उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए. सितंबर महीने में वह अपनी मुंहबोली बहन और जीजा के पास चली गई.
बहन के साथ डॉक्टर के पास गई तब पता चला
नाबालिग ने आवेदन में बताया है, “मेरी दीदी भी मां बनने वाली है. डॉक्टर के पास दीदी चेकअप कराने गई थीं, तो साथ में मैं भी गई. मैंने डॉक्टर को रक्तस्त्राव की जानकारी दी. वहां चिकित्सक ने बताया करि गर्भपात हो गया है.
इसी वजह से रक्तस्त्राव हो रहा है. इसके साथ ही पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है. आवेदन में कहा गया है कि आरोपित प्रभावशाली और पैसा, पहुंच वाला है. इसलिए उसे जान का भी खतरा है. इसलिए मुझे बचाया भी जाए.”
विधायक ने आरोपों को बताया साजिश
दूसरी ओर, विधायक ने नाबालिग की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा है कि वह और उनकी पत्नी अपने साथ जुड़े युवाओं को अपने बच्चों की तरह मानते थे. शिकायतकर्ता को उनके खिलाफ आरोप लगाने के लिए गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनसे जुड़े कई युवाओं को उनकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण में सहायता दी जा रही है.
कांग्रेस विधायक ने कहा, "यह आरोप झूठा है; पूरी तरह मनगढ़ंत है. कुछ विरोधी हमारी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए यह साजिश रच रहे हैं—खास तौर पर, हमारी छवि, हमारे काम की गति और जनता के साथ लगातार खड़े रहने के हमारे तरीके को कमजोर करने के लिए. वे यह सब सिर्फ हमें बदनाम करने के लिए कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

