Saraikela: NEET (UG) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को सरायकेला के गराज चौक में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विरोध-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध जताया.
विरोध प्रदर्शन में झामुमो के केंद्रीय, जिला, नगर, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ छात्र मोर्चा के सदस्य, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि देश की महत्वपूर्ण परीक्षा NEET में पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है.
उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है. साथ ही उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें. झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी.
कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन मनोज चौधरी, वाइस चेयरमैन अविनाश कवि, नगर अध्यक्ष शम्भू आचार्य, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, विशु हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment