Ranchi : रिम्स में एक 55 वर्षीय मरीज की सफल हाई रिस्क ओपन हार्ट सर्जरी हुई. मरीज का पूरा इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त में किया गया.मरीज हजारीबाग का रहने वाला है और वह कई महीनों से तेज बुखार, सांस फूलने, धड़कन बढ़ने और पैरों में सूजन की समस्या से परेशान था.

जांच में पता चला कि मरीज के हृदय का एओर्टिक वाल्व गंभीर रूप से खराब हो चुका है. इसके कारण हार्ट फेल होने की स्थिति बन गई थी. साथ ही किडनी और लिवर भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे. डॉक्टरों के अनुसार, मरीज का दिल सिर्फ 20 प्रतिशत क्षमता से काम कर रहा था. हृदय और फेफड़ों के आसपास पानी भी जमा हो गया था.
मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए पहले उसे हाई फ्लो ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया. इसके बाद जांच के आधार पर तुरंत ओपन हार्ट सर्जरी करने का फैसला लिया गया. रिम्स की अमृत फार्मेसी से आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरी सर्जरी का सामान उपलब्ध कराया गया. इसके बाद खराब एओर्टिक वाल्व को निकालकर उसकी जगह कृत्रिम वाल्व लगाया गया.
रिम्स के अनुसार, सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर है. उसके हृदय, किडनी, लिवर और फेफड़ों की कार्यक्षमता में पहले से काफी सुधार हुआ है. बीमारी के सही कारण का पता लगाने के लिए बदले गए वाल्व को जांच के लिए भेजा गया है.
हाई रिस्क ओपन हार्ट सर्जरी CTVS विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पंकज बोदरा के मार्गदर्शन में डॉ. राकेश चौधरी के नेतृत्व में की गई. इसमें कार्डियक एनेस्थीसिया टीम और अन्य डॉक्टरों, नर्सों व स्वास्थ्यकर्मियों ने भी अहम भूमिका निभाई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

