Hazaribagh News: हजारीबाग शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं खराब सड़कों की समस्या को लेकर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा लगातार गंभीरता से पहल की जा रही है. आम जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक प्रदीप प्रसाद लगातार संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गति देने का प्रयास कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
इसी क्रम में 03 सितंबर 2026 को परिसदन भवन, हजारीबाग में विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल पर NH के कार्यपालक अभियंता रंजीत वर्णवाल सहित विभिन्न संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में हजारीबाग शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की स्थिति, लंबित निर्माण कार्यों तथा आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई थी.
बैठक के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि आम जनता को लंबे समय से हो रही परेशानी को देखते हुए जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए.
बैठक के पश्चात विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा लगातार किए गए प्रयासों एवं संबंधित विभागों के साथ किए गए समन्वय का सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है. सिंघानी से कोर्रा-मटवारी होते हुए डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक, इंद्रपुरी चौक, मेन रोड, कूद होते हुए कटकमदाग तक सड़क निर्माण कार्य के लिए लगभग 20 करोड़ की लागत से निविदा जारी कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त सड़क निर्माण कार्य की निविदा 29 सितंबर 2026 को खोली जाएगी. निविदा प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक विभागीय प्रक्रियाओं के पूरा होने के पश्चात सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.
यह सड़क हजारीबाग शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है. इसके निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों, कर्मचारियों एवं दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी. साथ ही, लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण लोगों को हो रही परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की समस्या को चरणबद्ध तरीके से दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठक एवं समन्वय किया जा रहा है, ताकि जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उनके निर्माण, पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाया जा सके.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग के विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे. सड़क निर्माण से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

