Search

 
 
 

IIIT रांची में NHRC के विशेष मॉनिटर का दौरा, मानवाधिकार और लैंगिक समानता पर अहम सुझाव

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची में गुरुवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के विशेष मॉनिटर प्रो. कन्हैया त्रिपाठी का आगमन हुआ. दौरे का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में मानवाधिकार शिक्षा एवं लैंगिक समानता की वर्तमान स्थिति का आकलन और समीक्षा करना था.
 

Ranchi: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची में गुरुवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के विशेष मॉनिटर प्रो. कन्हैया त्रिपाठी का आगमन हुआ. दौरे का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में मानवाधिकार शिक्षा एवं लैंगिक समानता की वर्तमान स्थिति का आकलन और समीक्षा करना था. इस दौरान प्रो. त्रिपाठी ने संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव, अधिकारियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ विस्तृत संवाद किया.

 

बैठक में मानवाधिकार जागरूकता और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के लिए मौजूदा व्यवस्थाओं, चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई. प्रो. त्रिपाठी ने छात्र कल्याण और जागरूकता को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. उन्होंने संस्थान में समर्पित मानवाधिकार प्रकोष्ठ की स्थापना, लैंगिक संवेदनशीलता से जुड़ी पहलों को मजबूत करने, और छात्रों के लिए एक विशेष एप्लिकेशन विकसित करने पर जोर दिया, जिससे वे सीधे अपनी समस्याएं और सुझाव संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें.

 

इसके अलावा, उन्होंने मानवाधिकार और लैंगिक समानता पर कार्यशालाओं के आयोजन तथा मानवाधिकार विषय पर ओपन इलेक्टिव शुरू करने की भी सिफारिश की. इस कोर्स को भविष्य में सीनेट और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) की स्वीकृति के बाद डिग्री या प्रमाणपत्र कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जा सकता है.


दौरे के दौरान प्रो. त्रिपाठी ने संस्थान परिसर में वृक्षारोपण भी किया, जो पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

 

उन्होंने संस्थान में सक्रिय विभिन्न समितियों—आंतरिक शिकायत समिति (ICC), एंटी-रैगिंग समिति एवं स्क्वाड, छात्र अनुशासन समिति, एससी/एसटी/ओबीसी प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट समिति और अनुसंधान सलाहकार समिति—के कार्यों की समीक्षा की. इन समितियों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये छात्र हितों की सुरक्षा और समावेशी माहौल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही