Search

 
 
 

अच्छी खबर : रांची, सिमडेगा में अजीम जी प्रेमजी व फिया फाउंडेशन, गढ़वा में नीति आयोग लगा रही ऑक्सीजन प्लांट

 

बहु बाजार और मांडर तथा बीरू स्थित हॉस्पिटल में प्रति प्लांट 150 बेडों को मिलेगी निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति, खर्च 50 लाख रुपये

गढ़वा में प्लांट लगने से आसपास के जिलों में हो सकेगी आपूर्ति, रेगुलेटर और पाइप की भी होगी व्यवस्था

Ranchi : कोरोना की दूसरी लहर के बीच झारखंड में संक्रमित मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज किये जा रहे है. इस वजह से राज्य भर में कोरोना की दवाई और ऑक्सीजन की कमी हो रही है. ऐसे में इस विपदा की घड़ी रांची के बहुबाजार व मांडर, सिमडेगा तथा गढ़वा से एक आशा की किरण सामने आई है. इन तीनों ही जिलों में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है.

इसमें रांची और सिमडेगा जिले में चैरिटेबल संस्था “अजीम जी प्रेमजी और फिया फाउंडेशन” के सहयोग से प्लांट लगाया जाएगा. वहीं गढ़वा में ऑक्सीजन प्लांट केंद्र सरकार की संस्था नीति आयोग के सहयोग से लगेगा.

तीन जिलों में प्रति प्लांट खर्च आएगा 50 लाख रुपये, 150 बेडों को मिलेगी ऑक्सीजन

रांची व सिमडेगा के तीन हॉस्पिटलों में उपरोक्त चैरिटेबल संस्था ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी. यह प्लांट रांची के बहुबाजार स्थित संत बरनावास हॉस्पिटल, मांडर मिशन स्थित संत लिवेंस हॉस्पिटल और तीसरा प्लांट सिमडेगा के बीरू स्थित शांति भवन हॉस्पिटल में लगेगा. तीन ही हॉस्पिटल चैरिटेबल है. हर हॉस्पिटल में 150 बेडों को निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति करने में खर्च प्रति प्लांट 50 लाख रुपये तक आएगा. संस्था की मानें, तो अगले 10 दिनों में यह प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा.

गढ़वा में प्रतिदिन 2000 लीटर ऑक्सीजन का होगा उत्पादन

नीति आयोग के सहयोग से गढ़वा में लगने वाले नये ऑक्सीजन प्लांट से प्रतिदिन 2000 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा. यह प्लांट गढ़वा सदर अस्पताल में लगाया जाएगा. प्लांट लगाने का काम अंतिम चरण में है. इसके लगने से गढ़वा व पलामू जिले को ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित हो पाएगी. इससे कोरोना मरीजों के इलाज में काफी सुविधा होगी. ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए रेगुलेटर, पाइप की भी समुचित व्यवस्था के उपाय किए जा रहे हैं. उम्मीद है कि सोमवार या मंगलवार तक इस प्लांट से ऑक्सीजन का उत्पादन संभव हो पाएगा.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही