New Delhi : केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (National Means-cum-Merit Scholarship Scheme-NMMSS) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है.
इसे भी पढ़ें...
अब पात्र विद्यार्थी 15 नवंबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. पहले निर्धारित अंतिम तिथि के विस्तार से विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा.
मंत्रालय के अनुसार, विद्यार्थियों के आवेदन के बाद संबंधित संस्थानों और जिला स्तर पर उनका सत्यापन किया जाएगा. इसके लिए भी समय-सीमा निर्धारित की गई है.
आवेदन और सत्यापन की महत्वपूर्ण तिथियां
| प्रक्रिया | अंतिम तिथि |
| ऑनलाइन आवेदन | 15 नवंबर 2026 |
| संस्थान स्तर पर सत्यापन (L1) | 30 नवंबर 2026 |
| जिला स्तर पर सत्यापन (L2) | 15 दिसंबर 2026 |
नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू हुई थी. आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना अनिवार्य है.
30 अक्टूबर 2026 तक योजना के तहत 90,483 नए आवेदन और 1,99,531 नवीनीकरण आवेदन प्राप्त हुए थे. जिन विद्यार्थियों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आवेदन का सत्यापन संस्थान स्तर पर 30 नवंबर और जिला स्तर पर 15 दिसंबर तक पूरा हो जाए.
कक्षा 9 से 12वीं तक मिलती है छात्रवृत्ति
NMMSS योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देना और उन्हें आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस योजना के तहत हर साल एक लाख नए विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है.
राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से आयोजित चयन परीक्षा में सफल होने वाले पात्र विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं में छात्रवृत्ति मिलती है. इसके बाद निर्धारित शैक्षणिक शर्तों को पूरा करने पर कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं में छात्रवृत्ति का नवीनीकरण किया जाता है.
हर साल मिलते हैं 12 हजार रुपये
इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है. राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है.
इस योजना का लाभ राज्य सरकार के स्कूलों, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और स्थानीय निकायों द्वारा संचालित स्कूलों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को मिलता है.
छात्रवृत्ति के लिए जरूरी पात्रता
विद्यार्थी ने कक्षा 7वीं में कम से कम 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो.
अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के विद्यार्थियों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
विद्यार्थी को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से आयोजित चयन परीक्षा में सफल होना होगा.
छात्रवृत्ति के लिए पात्रता के अनुसार विद्यार्थी का सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय द्वारा संचालित स्कूल में अध्ययनरत होना जरूरी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

