Search

 
 
 

ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि को लेकर 5 नवंबर को रांची में होगा छात्र महाआंदोलन

Ranchi News : छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने कहा कि झारखंड में शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति का भुगतान लंबित है. खासकर सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति करीब दो वर्षों से विद्यार्थियों को नहीं मिली है. वहीं, सत्र 2025-26 की छात्रवृत्ति का भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है. इससे हजारों छात्र-छात्राएं आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं.
 
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन

Ranchi News : झारखंड में ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि के भुगतान की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने 5 नवंबर को रांची में छात्र महाआंदोलन करने की घोषणा की है. आंदोलन के दौरान छात्र कल्याण मंत्री चमरा लिंडा के इस्तीफे की मांग भी उठाएंगे. इसको लेकर सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने सरकार और कल्याण विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की.

 

इसे भी पढ़ें...

 

छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने कहा कि झारखंड में शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति का भुगतान लंबित है. खासकर सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति करीब दो वर्षों से विद्यार्थियों को नहीं मिली है. वहीं, सत्र 2025-26 की छात्रवृत्ति का भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है. इससे हजारों छात्र-छात्राएं आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं.

 

उन्होंने कहा कि ई-कल्याण छात्रवृत्ति गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. विद्यार्थी इसी राशि से कॉलेज की फीस, नामांकन शुल्क और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों का भुगतान करते हैं. छात्रवृत्ति नहीं मिलने से कई विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कुछ छात्र आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ने को भी मजबूर हैं. इसके बावजूद कल्याण विभाग की ओर से भुगतान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.

 

अफजल दुर्रानी ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए मिलने वाली छात्रवृत्ति लंबित है. सरकार को विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य को भी प्राथमिकता देनी चाहिए.

 

उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को सुबह 10 बजे रांची करमटोली चौक से छात्र मार्च निकाला जाएगा. यह मार्च मोरहाबादी स्थित कल्याण विभाग पहुंचेगा, जहां प्रदर्शन के बाद विभाग का घेराव किया जाएगा. इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है.

 

AISF ने छात्रवृत्ति की सभी लंबित राशि का तत्काल भुगतान करने, विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने और कल्याण मंत्री चामरा लिंडा से इस्तीफा देने की मांग की है. संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस दौरान AISF रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम परवीन, जिला उपाध्यक्ष जमीर अहमद, जिला सदस्य तेजू मिरधा और सोनू कुमार मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही