Search

 
 
 

एक भी वोटर छूटे नहीं: CM हेमंत सोरेन ने SIR पर कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को 12 जिलों के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की.
 

Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को 12 जिलों के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की.

 

बैठक में SIR और आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें, त्रुटियों को ठीक कराएं और किसी भी पात्र मतदाता को छूटने न दें.

 

उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘एक भी वोटर छूटे नहीं.’

 

बैठक के दौरान देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी गहन चर्चा हुई. बिहार, बंगाल सहित अन्य राज्यों में हुए SIR के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में संगठन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा.

 

सीएम सोरेन ने बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी ढांचे को और सशक्त बनाने पर जोर दिया. साथ ही नगर और महानगर समितियों को भी अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की बात कही, ताकि पार्टी हर स्तर पर अपनी भूमिका मजबूती से निभा सके.

 

बैठक में झामुमो पदाधिकारियों ने SIR के पीछे भाजपा की नीयत और नीति पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा SIR की आड़ में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने और उन्हें राशन कार्ड, पेंशन जैसे अधिकारों से वंचित करने की साजिश रच रही है. बैठक में एक स्वर में कहा गया कि झामुमो का हर कार्यकर्ता जनहित और संगठन की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा.

 

बैठक का संचालन झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने किया. इसमें रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और पूर्वी सिंहभूम के जिला पदाधिकारी शामिल हुए. इस अवसर पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही