Search

 
 
 

झारखंड मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 में नामांकन की अधिसूचना जारी

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए झारखंड मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा से संबंधित अधिसूचना JAC द्वारा जारी कर दी गई है.
 

Ranchi : शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए झारखंड मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा से संबंधित अधिसूचना JAC द्वारा जारी कर दी गई है. यह परीक्षा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के लिए आयोजित की जाएगी.

 

प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 30 जनवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 तक JAC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

 

ऑनलाइन आवेदन पत्र का अनुमोदन संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) द्वारा किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 23 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है.

 

प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की आयु 01 अप्रैल 2026 को न्यूनतम 10 वर्ष एवं अधिकतम 12 वर्ष होनी चाहिए. साथ ही अभ्यर्थी का संबंधित जिले का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. प्रवेश परीक्षा पूर्णतः निःशुल्क होगी और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा.

 

परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जो कुल 100 अंकों की होगी. इसमें अंग्रेजी से 30 अंक, गणित से 30 अंक तथा सामाजिक विज्ञान से 40 अंक निर्धारित किए गए हैं. नामांकन पूरी तरह मेधा सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसमें राज्य एवं जिला आरक्षण नीति का पूर्ण रूप से पालन होगा.

 

झारखंड के ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा संचालित 82 झारखंड मॉडल विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रहे हैं.

 

इन विद्यालयों में झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) के पाठ्यक्रम के अंतर्गत अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जा रही है, जिससे ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए स्वयं को सक्षम बना सकें.

 

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर अपने बच्चों को अंग्रेज़ी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ें और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही