Nowamundi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल के मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने ऑफिस परिसर के तीन स्टोर रूम का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये मूल्य के उपकरणों की चोरी कर ली.

घटना के बाद कर्मचारियों, ठेकेदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.बताया जाता है कि चोर स्टोर रूम से वेल्डिंग मशीन, कटर/ग्राइंडिंग मशीन, कॉपर केबल, दो एक्सटेंशन बोर्ड, चार पुराने पंखे समेत अन्य उपयोगी सामान अपने साथ ले गए.
चोरी की जानकारी शनिवार सुबह मिलने पर कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.सेल के ठेकेदार बोरेन और शिबू सरकार ने बताया कि 12 जून को ही नई वेल्डिंग मशीन और अन्य उपकरण खरीदकर स्टोर रूम में रखे गए थे.
देर रात चोरों ने ताला तोड़कर सभी सामान चोरी कर लिया. उन्होंने घटना की जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में यह पहली चोरी नहीं है. यहां पहले भी छह से सात बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
कार्यालय परिसर में पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों और सीसीटीवी कैमरों का अभाव बना हुआ है.इधर, एक दिन पूर्व ठेकेदार कॉलोनी में ठेकेदार डी.के. सिंह के घर से एक नाबालिग द्वारा मोबाइल चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया था. हालांकि स्थानीय दुकानदार की सतर्कता के कारण चोरी हुआ मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को वापस मिल गया.
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों, कर्मचारियों और ठेकेदारों ने पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा बेसहारा बच्चों के पुनर्वास के लिए सामाजिक और प्रशासनिक पहल करने की मांग की है.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment