Search

 
 
 

ऑनलाइन क्विज : CUJ के छात्र कौशिक कुमार को Guinness World Records से मिली मान्यता

Ranchi News  : कौशिक इससे पहले भी कई रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं. उनका नाम India Book of Records, Asia Book of Records, International Book of Records, America Book of Records और Golden Book of Records सहित कई प्रतिष्ठित रिकॉर्ड पुस्तकों में शामिल है.
 
कौशिक कुमार होता ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम किया रोशन

Ranchi : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के शिक्षा विभाग के इंटीग्रेटेड बीए-बीएड कार्यक्रम के छात्र कौशिक कुमार होता ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है. ऑनलाइन क्विज में भागीदारी के लिए उनके प्रयास को Guinness World Records की ओर से आधिकारिक मान्यता मिली है.

कौशिक ने युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय, भारत सरकार के MY Bharat Portal के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन क्विज में हिस्सा लिया. इस क्विज में देशभर से कुल 3,90,812 प्रतिभागियों ने भाग लिया. Guinness World Records ने इसे The most users to take an online quiz in one week श्रेणी में आधिकारिक रूप से सत्यापित और प्रमाणित किया है.

 

कौशिक इससे पहले भी कई रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं. उनका नाम India Book of Records, Asia Book of Records, International Book of Records, America Book of Records और Golden Book of Records सहित कई प्रतिष्ठित रिकॉर्ड पुस्तकों में शामिल है.

 

पढ़ाई के साथ कौशिक को पुस्तक लेखन, रचनात्मक गतिविधियों और विभिन्न रिकॉर्ड बनाने से जुड़े कार्यों में विशेष रुचि है. उनके प्रयासों और उपलब्धियों की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने सराहना की है. ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.

 

वहीं झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी लोक भवन में मुलाकात के दौरान कौशिक की उपलब्धियों की सराहना की. केंद्रीय युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी कौशिक के रिकॉर्ड बनाने के प्रयासों और उपलब्धियों की प्रशंसा की है.

 

कौशिक की उपलब्धि पर केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के कुलपति प्रो. सारंग मेधाकर ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि कौशिक की उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है. विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी मेहनत, समर्पण और दृढ़ता के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं.

 

कौशिक का परिवार शिक्षा और जनसेवा से जुड़ा रहा है. उनके पिता हरिश चंद्र होता सेवानिवृत्त सहायक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (ABEO) हैं, जबकि उनकी माता अनुपमा नंदा शिक्षिका हैं. माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग ने कौशिक की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

 

कौशिक की उपलब्धि पर सीयूजे के शिक्षकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय समुदाय ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य की कामना की. उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि निरंतर मेहनत, समर्पण और प्रयास के बल पर छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही