Search

 
 
 

ऑपरेशन सिंधु :  ईरान-इजरायल से 453 भारतीयों की सुरक्षित वापसी, दिल्ली पहुंचा विशेष विमान

ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु चला रहा है. इसके तहत दोनों देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को अपने वतन लाया जा रहा है. ऑपरेशन सिंधु’ के तहत आज दो विशेष उड़ानों से कुल 453 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है.
 

New Delhi :  ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु चला रहा है. इसके तहत दोनों देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को अपने वतन लाया जा रहा है. ऑपरेशन सिंधु’ के तहत आज दो विशेष उड़ानों से कुल 453 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है. इनमें से 161 नागरिकों को इजराइल से जमीनी रास्ते जॉर्डन के जरिए निकाला गया और वहां से फ्लाइट से दिल्ली लाया गया. वहीं, दूसरी विशेष फ्लाइट में ईरान से 292 भारतीय नागरिक दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे.  इजराइल से लौटे लोगों में बड़ी संख्या में छात्र, वरिष्ठ नागरिक और कामकाजी लोग शामिल हैं. दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे नागरिकों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के प्रयासों की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारतीय दूतावास का आभार जताया.

 

वतन वापसी पर भारतीय नागरिकों ने जाहिर की खुशी

इजराइल से लौटे अरविंद शुक्ला, जो पिछले साल सितंबर से वहां पढ़ाई कर रहे थे, ने बताया कि जहां मैं था, वहां स्थिति थोड़ी बेहतर थी, लेकिन फिर भी मिसाइलें हमारे सिर के ऊपर से जाती थीं. सायरन की आवाजें आती थीं और रातभर हम बंकरों की ओर भागते थे. हम भारत सरकार, भारतीय दूतावास और उन सभी अधिकारियों के आभारी हैं, जिन्होंने हमारी मदद की.

 

इजराइल से लौटे यात्रियों में एक बुजुर्ग दंपती त्रियम्बक कोले और उनकी पत्नी भी शामिल थे. त्रियम्बक कोले ने कहा कि वहां हर वक्त धमाकों की आवाज सुनाई देती थी. प्रधानमंत्री मोदी का बहुत धन्यवाद है. उनकी पत्नी ने बताया कि हमारे ऊपर से 6 मिसाइलें गईं, हम छिप गए थे. हमें सुरक्षित निकालने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.

 

 

ईरान से लौटे फैज, जो जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं, ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है. अपने देश में आकर राहत मिली. जीवा जाफरी, जो ईरान से लौटीं, ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि हम बहुत आभारी हैं, बहुत खुश हैं. हमारी फ्लाइट 19 जून को थी, लेकिन वो रद्द हो गई. उस वक्त हम बहुत बेचैन थे, लेकिन आज घर पहुंचकर बेहद सुकून मिला.

 

 

वहीं बलजिंदर कौर, जो पिछले 21 वर्षों से ईरान में हिंदी टीचर के रूप में कार्यरत थीं, ने कहा कि अपना देश तो अपना ही होता है. वहां भी हमें कभी कोई तकलीफ नहीं हुई, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हालात अचानक बदल गए. हमें सुरक्षित वापस लाना गर्व की बात है. हमारी सरकार और दूतावास का तहे दिल से धन्यवाद.

 

पश्चिम एशिया में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन सिंधु

बता दें कि ऑपरेशन सिंधु भारत सरकार द्वारा उन भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए चलाया जा रहा है, जो पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य संघर्षों के बीच फंसे हुए हैं. यह अभियान विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से संचालित हो रहा है.  सरकार ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर और फ्लाइट्स भेजी जाएंगी, ताकि कोई भी भारतीय नागरिक संकट में न रहे.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही