Ranchi News: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के चार वर्षीय स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में बची हुई सीटों को भरने के लिए द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. इसके तहत डायनेमिक रिक्त सीटों के आधार पर इच्छुक अभ्यर्थी 2 से 8 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे.
इसे भी पढ़ें:
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह प्रक्रिया उन्हीं कार्यक्रमों और श्रेणियों में लागू होगी, जहां फिलहाल कोई वेटलिस्ट उपलब्ध नहीं है. आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित कार्यक्रम में निर्धारित मैप किए गए विषयों के साथ CUET (UG)-2026 में शामिल होना और पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.
CUJ की ओर से उपलब्ध डायनेमिक रिक्त सीटों की जानकारी 1 सितंबर 2026 को वेबसाइट पर जारी की जाएगी. सीटों की संख्या में बदलाव होने पर वेबसाइट पर इसे अपडेट किया जाएगा. अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित विषय और कार्यक्रम में सीट की उपलब्धता जांचने की सलाह दी गई है.
विश्वविद्यालय ने उन अभ्यर्थियों को भी मौका दिया है, जिनका नाम 31 जुलाई 2026 की Registered Candidates List में था, लेकिन वे निर्धारित तारीख को दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके. ऐसे अभ्यर्थी उपलब्ध सीट के आधार पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दिए गए Google Form से आवेदन कर सकते हैं.
वहीं, किसी कार्यक्रम में पहले पंजीकरण कराने के बावजूद यदि अब उस विषय में सीट उपलब्ध नहीं है, तो दूसरे उपलब्ध कार्यक्रम में प्रवेश के लिए Fresh Registration करना होगा. जिन छात्रों को पहले सीट नहीं मिल सकी थी, वे भी रिक्त सीट वाले दूसरे कार्यक्रम के लिए नया पंजीकरण कर सकते हैं.
प्रवेश प्रक्रिया की प्रमुख तिथियां
- 1 सितंबर: डायनेमिक रिक्त सीटों का प्रदर्शन
- 2–8 सितंबर: ऑनलाइन पंजीकरण एवं Google Form की सुविधा
- 10 सितंबर: Registered Candidates List जारी
- 12 सितंबर: ऑफलाइन दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग
- 16 सितंबर से: सीट आवंटन और शुल्क जमा
CUJ ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी बदलाव या नई सूचना के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

