Jamshedpur News: टाटा स्टील में कर्मचारी ग्रेड (नॉन-ओपीआर) में काम करने वाले कर्मचारियों को ऑफिसर बनने का एक और मौका दिया गया है. कंपनी ने इसके लिए आईएल-6 ग्रेड में आंतरिक बहाली निकाली है. इसके तहत योग्य कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं. कंपनी के जारी सर्कुलर के अनुसार, अलग-अलग विभागों में करीब 54 डोमेन के लिए बहाली की जाएगी.
इस बहाली में कोल्ड रोलिंग, कॉरपोरेट ऑडिट, फाइनेंस एंड कॉमर्शियल, कंपनी एडमिनिस्ट्रेशन, ब्लास्ट फर्नेस, केमिकल, सिविल, कोक प्लांट और कोल्ड रोलिंग मिल समेत कई विभाग शामिल हैं. इच्छुक और योग्य कर्मचारी कंपनी के आंतरिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 50 अक्टूबर बताई गई है. हालांकि इस तारीख की पुष्टि जरूरी है.
इसे भी पढ़ें -
चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी. इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. लिखित परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा.
इस बहाली में टाटा स्टील के कर्मचारियों के अलावा टिनप्लेट और कंपनी में समायोजित की गई अन्य पात्र कंपनियों के कर्मचारी भी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने वाले कर्मचारियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से नियमित (फुल टाइम) डिग्री, डिप्लोमा या पोस्ट ग्रेजुएट की योग्यता होनी चाहिए. डिस्टेंस लर्निंग और पार्ट टाइम कोर्स से पढ़ाई करने वाले कर्मचारियों को आवेदन का मौका नहीं मिलेगा.
इसके अलावा आवेदक के लिए कंपनी में कम से कम दो साल की सेवा पूरी करना अनिवार्य है. वहीं ग्रेजुएट, डिप्लोमा और पोस्ट ग्रेजुएट डिग्रीधारी कर्मचारियों के लिए न्यूनतम पांच साल का कार्य अनुभव मांगा गया है. इस आंतरिक बहाली से योग्य कर्मचारियों को अधिकारी ग्रेड में जाने और कंपनी में करियर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

