Dhanbad News: शहर के मेमको मोड़ के समीप शुक्रवार को आदिवासियों के धार्मिक स्थल जाहेर थान के पास मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने 8-लेन सड़क की सर्विस लेन को जाम कर प्रदर्शन किया जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती का एक युवक जाहेर थान के पास मौजूद था. इसी बीच एक ट्रक आकर रुका जिसमें सवार 4-5 लोग उतरकर धार्मिक स्थल के पास ही शराब पीने लगे और शौच करने लगे. जब स्थानीय युवक ने इसका विरोध किया तो ट्रक सवार लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. यही नहीं मनचलों ने युवक को जबरन ट्रक में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलते ही बस्ती के लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचने लगे. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए.
धार्मिक स्थल का अपमान और मारपीट से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सर्विस रोड जाम कर दिया. सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने लावारिस ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

