Pakur News : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने दंगारोधी उपकरणों के साथ मॉक ड्रिल किया. इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया.
इसे भी पढ़ें...
मॉक ड्रिल के दौरान झारखंड सशस्त्र पुलिस और जिला बल के जवानों को विधि-व्यवस्था की चुनौती से निपटने का अभ्यास कराया गया. जवानों ने लाठी, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन और वाटर कैनन सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के साथ अभ्यास किया. इस दौरान संभावित दंगा या भीड़ के उग्र होने जैसी स्थिति से निपटने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया.
अभ्यास के दौरान पहले दंडाधिकारी द्वारा असामाजिक तत्वों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया गया. स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर वाटर कैनन से पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर करने का अभ्यास किया गया.
इसके बाद अश्रु गैस के गोले और लाठी बल के इस्तेमाल के जरिए भीड़ नियंत्रण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया. मॉक ड्रिल में पुलिस अधिकारियों और जवानों को आपात परिस्थितियों में समन्वय के साथ कार्रवाई करने की तैयारी कराई गई.
शहर के प्रमुख मार्गों पर निकला फ्लैग मार्च
यह मार्च सिदो-कान्हू पार्क से शुरू होकर रविन्द्र चौक, अटल चौक, हाटपाड़ा, बिरसा चौक, अंबेडकर चौक और हरिणडांगा बाजार होते हुए गांधी चौक तक पहुंचा.
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पाकुड़वासियों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की. प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है.
फ्लैग मार्च में उपायुक्त मेघा भारद्वाज और SP अनुदीप सिंह के साथ पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ एवं महेशपुर, परिचारी प्रवर, परिचारी और विभिन्न थाना प्रभारी शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

