Search

पलामूः चैनपुर कांड में गिरफ्तारी नहीं होने पर भाकपा माले का आक्रोश मार्च

प्रदर्शन में शामिल भाकपा माले के कार्यकर्ता व ग्रामीण.

Medininagar : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चर्चित मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मेदिनीनगर शहर में आक्रोश मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया. मार्च रिक्शा पड़ाव से निकलकर विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पंहुचा. प्रदर्शनकारियों ने जिला पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा.

 

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय बीत जाने के बावजूद मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है. एक भी अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है.इससे पीड़ित परिवार में भय और निराशा का माहौल है. प्रदर्शनकारी एसपी कार्यालय तक जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें समाहरणालय के मुख्य गेट पर रोक दिया गया.

 

 

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य सह प्रमंडलीय प्रभारी हलधर महतो ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता और लापरवाही के कारण पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने मनातू क्षेत्र की एक घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विरोध करने वाले ग्रामीणों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं. इससे वे परेशान हैं.

 

पांकी पूर्वी जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने कहा कि जांच के नाम पर मामलों को लंबित रखना आम बात हो गई है. इससे आम लोगों का कानून व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है. जिले में प्रशासन की कमान महिलाएं संभाल रही हैं, फिर भी महिलाओं की सुरक्षा नहीं हो पा रही है जो चिंतनीय विषय है.

 

भाकपा माले ने प्रशासन से चैनपुर कांड के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमों की वापसी और दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

 

प्रदर्शन को भाकपा माले जिला सचिव रविंद्र भुइयां, गढ़वा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, गढ़वा जिला सचिव कालीचरण मेहता, कमेश सिंह चेरो, आइसा पलामू जिला सचिव गौतम दांगी, आइसा जिला अध्यक्ष गुड्डू भुइयां, जन संग्राम मोर्चा के अध्यक्ष युगल पल, झारखंड क्रांति मंच के अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु, कामेश्वर विश्वकर्मा, पवन विश्वकर्मा, छोटू मेहता समेत अन्य ने संबोधित किया.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp