Search

 
 
 

Palamu News : अपराधियों का मनोबल बढ़ा, बेधड़क दे रहे घटनाओं को अंजाम

Palamu: पलामू में लगातार आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. नए एसपी कपिल चौधरी की पदस्थापना के बाद भी बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. जिस कारण अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है. जिले में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
 

Palamu: पलामू में लगातार आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. नए एसपी कपिल चौधरी की पदस्थापना के बाद भी बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. जिस कारण अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है. जिले में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. छोटी घटनाओं को अलग भी कर दिया जाए तो अपहरण, हत्या, गोलीबारी और लूट-छिनतई जैसी कई गंभीर वारदातें हाल के दिनों में सामने आई हैं. अपराधियों के बढ़े मनोबल से प्रतीत होता है कि उन्हें पुलिस का तनिक भी भय नहीं रह गया है.

 

केस नंबर 1:विनीत तिवारी अपहरण और हत्या मामला

 

25 अप्रैल की रात मेदिनीनगर के रेडमा समदा आहर क्षेत्र से विनीत तिवारी का अपहरण कर लिया गया था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. काफी खोजबीन के बाद अगले दिन 26 अप्रैल को उसका शव बरामद हुआ. इस मामले में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल का नाम सामने आया है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है.

 

केस नंबर 2:राजमुनी पाठक हत्याकांड

 

29 अप्रैल की रात पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में 60 वर्षीय राजमुनी पाठक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई. मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. हालांकि कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

 

केस नंबर 3: बदमाशों ने दिनदहाड़े पुलिसकर्मी को मारी गोली

 

3 मई की शाम सदर प्रखंड के सुआ गांव में बुलेट बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने पुलिसकर्मी पवन सिंह को निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.

 

केस नंबर 4 : हरसईन मोड़ पर युवक से लूटी बाइक और मोबाइल

 

2 मई की रात लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के हरसईन मोड़ के पास लुटेरों ने एक युवक को पीछे से धक्का मारकर घायल कर दिया. धक्का लगने के बाद युवक बेहोश होकर सड़क किनारे गिर पड़ा. जब उसे होश आया तो उसकी बाइक और मोबाइल मौके से गायब थे. घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में कई वर्षों बाद इस तरह की छिनतई की घटना सामने आई है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. 

 

लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आम लोगों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और उन्हें पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं है. अब देखना होगा कि नए एसपी के नेतृत्व में पुलिस इन मामलों में कितनी तेजी से कार्रवाई कर अपराध पर लगाम लगा पाती है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही