Medininagar : पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में शिक्षा विभाग व मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार बच्चों को नियमित पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. कहा कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फीडबैक प्रणाली या वैल्यूएशन चार्ट लागू करने को कहा. स्पष्ट किया कि किसी भी समय औचक निरीक्षण किया जा सकता है.
डीसी ने कहा कि शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों से अपील की कि स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने में सहयोग करें. स्कूल रूआर कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीईओ व डीएसई को क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया. नामांकन के अनुरूप कम कवरेज पर संबंधित अधिकारियों को सुधार लाने की हिदायत दी. साथ ही प्रखंड स्तर पर स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक हर माह 15 तारीख तक अनिवार्य रूप से कराने को कहा.
छात्रों को पढ़ाई में कड़ी मेहनत का दिया संदेश
डीसी ने मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया. उन्हें पौधा, पुस्तक व मेडल देकर प्रोत्साहित किया. विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि यह उनकी सफलता की शुरुआत है और आगे उन्हें बड़े लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करनी है. सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. अनुशासन और समर्पण से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक व अन्य मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

