Medininagar News : पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में लापता महिला गीता देवी का शव बुधवार को बसना गांव के पास धान के खेत से बरामद किया गया. इस लोमहर्क घटना से परिजनों में शोक का माहौल है. बताया गया कि बसना पंचायत निवासी शशि पासवान की पत्नी गीता देवी दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटने के दौरान लापता हो गई थी. परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
इसे भी पढ़ें
परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए ग्रामीणों के साथ बुधवार की सुबह मेदिनीनगर-औरंगाबाद एनएच को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया. इसके बाद महिला की तलाश शुरू की गई. इसी दौरान बसना गांव के पास धान के खेत से गीता देवी का शव बरामद हुआ. खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
नावाबाजार थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. इस घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

