Palamu News : जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के लहलहे पंचायत अंतर्गत सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव भी किया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें
किसी बात को लेकर हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदली
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंदू समुदाय के दो अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की गई. इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पथराव में कई पुलिसकर्मियों के भी घायल हुए हैं. इतना ही नहीं पत्थरबाजी में पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए.
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों के बीच आपसी झड़प के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. पथराव में कई लोग चोटिल हुए हैं. पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है. फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों, घायलों की संख्या और घटना में शामिल लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

