Medininagar : पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को मेदिनीनगर स्थित मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं व व्यवस्थाओं की समीक्षा की. साथ ही साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, इलाज व्यवस्था व कर्मचारियों की कार्यशैली का जायजा लिया.
इस दौरान उन्होंने मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज व सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया. कई मरीजों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर डीसी नें संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान का निर्देश दिया. अस्पताल में लगी हेल्थ इंफॉर्मेशन मशीन चालू मिली, लेकिन उसमें जरूरी जानकारी अपडेट नहीं थी. इस पर डीसी ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई. जानकारी के अनुसार, इस मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को शो-कॉज करने की बात भी कही गई है.
डीसी ने कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. इलाज व व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अब देखना होगा कि इस मामले में जिला प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

