Medininagar News : पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने सरकारी संस्थानों व स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुइयां व उसके साले को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी के 13 प्रिंटर, एक लैपटॉप, एक कंप्यूटर, दो इन्वर्टर, एक लेमिनेशन मशीन, तीन बाइक व अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. एसपी ने बताया कि 30 अगस्त को पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घर की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ.
पूछताछ में अवधेश ने अमोद भुइयां के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की. दोनों रात में सरकारी संस्थानों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करते थे.
पुलिस को छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड, नायाटांड़ पंचायत सचिवालय, नौडीहा बाजार की फोटो कॉपी दुकान व नामुदाग हाई स्कूल समेत कई जगहों से चोरी किए जाने की जानकारी मिली है. आरोपियों की निशानदेही पर घर के अलावा अन्य स्थानों से भी सामान बरामद किया गया है.
एसपी ने बताया कि अवधेश पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुका है. इस दौरान उसका सरकारी संस्थानों में आना-जाना था. जानकारी के अनुसार, पिछले पंचायत चुनाव में अवधेश की पत्नी भी चुनाव हार गई थी. चोरी किए गए कुछ सामान को आरोपियों ने पहले ही बेच दिया था. पुलिस अब बेचे गए सामान व उसे खरीदने वालों का पता लगाने में जुटी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार व नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार भी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

