Medininagar News : दुबई के जेल में बंद झारखंड के पलामू जिले के शशि पासवान की तबीयत खराब होने की खबर से परिजन परेशान हैं. परिजनों से आखिरी बार 17 नवंबर को शशि पासवान की बात हुई थी. इसके बाद से उनका परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. वहीं, जेल में तबीयत खराब होने और जेल ट्रांसफर की खबर मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है. परिजनों ने सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर शशि पासवान की रिहाई की गुहार लगाई है.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/modi-cabinet-meeting-approves-amendments-related-to-delimitation-and-womens-reservation
शशि पासवान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ददरा गांव के रहने वाले हैं. वह अप्रैल 2026 में दुबई की कंस्ट्रक्शन कंपनी में नौकरी करने गए थे. इसी दौरान उनकी बहन की शादी तय हुई. बहन की शादी के सिलसिले में वह दुबई के एक एजेंट के संपर्क में आए. बताया जा रहा है कि वित्तीय अनियमितता और एजेंट से जुड़े मामले में दुबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
मुख्यमंत्री से मिले परिजन, मिला आश्वासन
शशि पासवान की रिहाई के लिए परिजन लगातार अलग-अलग स्तरों पर गुहार लगा रहे हैं. परिजनों ने गुरुवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और रिहाई की गुहार लगाई. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार शशि पासवान की रिहाई को लेकर जरूरी कदम उठा रही है. इस आश्वासन के बाद परिवार को उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद जगी है.
शशि के भाई रवि पासवान ने बताया कि 17 नवंबर के बाद से उनकी भाई से कोई बातचीत नहीं हो पाई है. उन्हें जानकारी मिली है कि शशि की तबीयत भी खराब हो गई है. साथ ही जेल ट्रांसफर की बात भी सामने आई है. ऐसे में परिवार की चिंता और बढ़ गई है.
