Search

 
 
 

Palamu News: HIV संक्रमित प्रसूता को बिना जांचे ऑपरेशन, खुलासे के बाद MRMCH में मचा हड़कंप

शहर के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MRMCH) में प्रसूता का सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने के बाद उसके HIV संक्रमित होने की जानकारी से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले के उजागर होते ही अस्पताल ने एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी है.
 

Medininagar: शहर के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MRMCH) में प्रसूता का सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने के बाद उसके HIV संक्रमित होने की जानकारी से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले के उजागर होते ही अस्पताल ने एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था, मरीजों की स्क्रीनिंग और संक्रमण नियंत्रण प्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले भी गंभीर लापरवाहियों को लेकर सवालों के घेरे में रही है. चाईबासा में संक्रमित रक्त चढ़ाने के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था. अब पलामू में HIV संक्रमित प्रसूता की जानकारी ऑपरेशन के बाद सामने आने से एक बार फिर संक्रमण नियंत्रण, मरीजों के चिकित्सीय रिकॉर्ड के सत्यापन और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल उठने लगे हैं.

 

जानकारी के अनुसार 6 जून को एक प्रसूता का सी-सेक्शन किया गया था. ऑपरेशन से पहले प्रसव कक्ष स्थित इन-हाउस लैब में रैपिड टेस्ट किट से HIV जांच की गई थी, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई थी.

 

इसी रिपोर्ट और उपलब्ध चिकित्सीय जानकारी के आधार पर ऑपरेशन किया गया. बाद में प्राप्त अभिलेखों और अन्य जानकारियों से पता चला कि संबंधित प्रसूता पहले से HIV पॉजिटिव थी. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रसूता और उसके पति को इस स्थिति की जानकारी थी, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने चिकित्सकीय दल को इसकी जानकारी नहीं दी. साथ ही संबंधित ART कार्ड भी प्रस्तुत नहीं किया गया. प्रसूता की डिलीवरी के बाद चार और ऑपरेशन इस ऑपरेशन थिएटर में किए गए.

 

मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए, नवजात शिशु को संक्रमण से बचाव की प्रक्रिया शुरू की. वहीं ऑपरेशन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की ART सेंटर में पोस्ट एक्सपोजर प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है. अस्पताल प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मरीजों, नवजातों तथा स्वास्थ्य-कर्मियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही