- एक देसी कट्टा, कई अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद
Medininagar News : पलामू जिले के पांडु थाने की पुलिस ने क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने रतनाग गांव के महुआ धाम स्थित एक घर में छापेमारी कर हथियार बनाने के उपकरण, अर्धनिर्मित हथियार, उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है. इस धंधे में लिप्त एक व्यक्ति उदय मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया है.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, पांडु थाना कांड संख्या 46/2026 के एक मामले में अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर से दो देसी कट्टा बरामद किए गए थे. पुलिस की दबिश के बाद आरोपी अमित कुमार सिंह ने कोर्ट में में आत्मसमर्पण कर दिया था. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि बरामद दोनों देसी कट्टा उसने उदय मिस्त्री से खरीदे थे. उसने यह भी जानकारी दी कि उदय मिस्त्री अपने महुआ धाम स्थित घर में अवैध रूप से देशी कट्टा और अन्य हथियारों का निर्माण करता है.
इस जानकारी के आधार पर विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की. पुलिस को वहां अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित होने का पता चला. मौके से एक देसी कट्टा, लकड़ी के बट, अर्धनिर्मित बैरल, ट्रिगर, लोहे के टुकड़े समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए. पुलिस ने मौके पर मौजूद उदय मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

