Medininagar News : पलामू में रितु हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया ने इस मामले में पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए है. उन्होंने मंगलवार को शाहपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस संवेदनशील मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें
विधायक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अब तक गंभीर प्रयास नहीं किया गया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जांच में तेजी लाने और सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगालने की मांग की. कहा कि जांच केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़नी चाहिए.
आलोक चौरसिया ने कहा कि घटना में जो भी लोग दोषी हैं, उन्हें जल्द कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए. ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई होने से लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है.
विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग रितु हत्याकांड को न्याय की लड़ाई की बजाय राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं. यदि वास्तव में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उद्देश्य है, तो जांच को निष्पक्ष बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन पर दबाव बनाया जाना चाहिए. केवल बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से न्याय नहीं मिल सकता.
आरोप साबित हुए तो राजनीति छोड़ दूंगा
विधायक ने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप जांच में सही साबित होते हैं, तो वह राजनीति छोड़ देंगे. किसी भी व्यक्ति पर लगाए गए आरोपों का फैसला तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए. बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है. वह इस कठिन घड़ी में रितु के परिवार के साथ खड़े हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

