Search

 
 
 

Weather News : नौतपा में तपने लगा पलामू, दिनभर झुलसा रही गर्म हवाएं, रात में भी राहत नहीं

नौतपा की शुरुआत के साथ ही पलामू में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. बीते एक सप्ताह से जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है. सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लग रही है. लगातार बढ़ती तपिश के कारण घर से बाहर निकलते ही लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है.
 
  • एक सप्ताह से 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान

Palamu :   नौतपा की शुरुआत के साथ ही पलामू में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. बीते एक सप्ताह से जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है. सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लग रही है. लगातार बढ़ती तपिश के कारण घर से बाहर निकलते ही लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है. 

 

रात में भी लोगों को नहीं मिल रही राहत

पलामू में सिर्फ दिन का तापमान ही नहीं बढ़ा है, बल्कि रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है. इसके कारण लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है. देर रात तक गर्म हवा और उमस बनी रहने से लोग परेशान हैं. कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं.  विगत कई दिनों से पलामू सर्वाधिक तापमान वाले जिलों में शीर्ष पर बना हुआ है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

 

बाजारों और सड़कों पर दोपहर में पसरा रहता है सन्नाटा

भीषण गर्मी और उमस का असर अब बाजारों और सड़कों पर भी साफ नजर आने लगा है. दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग सुनसान हो जा रही हैं. लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, जिससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है. वहीं कई इलाकों में बिजली कटौती और पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है.

 

गर्मी से बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक प्रभावित

गर्मी को देखते हुए निजी एवं सरकारी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं. इससे छात्र-छात्राओं को इस भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है. हालांकि बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग अभी भी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. अस्पतालों में भी गर्मी और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है.

 

नौतपा में क्यों बढ़ जाती है गर्मी?

जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो उसके बाद के नौ दिनों की अवधि को नौतपा कहा जाता है. यह समय आमतौर पर मई के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है. इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है और भीषण गर्मी पड़ती है. मौसम जानकारों के अनुसार, नौतपा के दौरान लू और गर्म हवाओं का प्रभाव अधिक रहता है. मान्यता है कि नौतपा में जितनी तेज गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही बेहतर होने की संभावना रहती है.

 

सबसे गर्म रहा था गुरुवार

बताते चलें कि बीते गुरुवार को पलामू का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था. यह इस वर्ष का अब तक सबसे अधिकतम तापमान है. बीते दस दिन से जिले में बारिश नहीं हुई है, जिस कारण बढ़े तापमान से लोग खासे परेशान हैं. हालांकि अप्रैल महीने की शुरुआत में रुक-रुककर हुई बारिश के कारण लोगों को खासी राहत मिली थी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही