Medininagar News : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी गांव में सोमवार को एक हादसा हो गया. सगे भाई-बहन की आहर में डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान रहमत अली की 12 वर्षीय पुत्री सना फैजिया व 10 वर्षीय पुत्र आवेश रजा के रूप में हुई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम पसरा है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे सोमवार सुबह घर से निकले थे. इसके बाद गांव के आहर में अन्य बच्चों के साथ नहाने लगे. नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. साथ में नहा रहे अन्य बच्चों ने जब दोनों को काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकलते देखा, तो शोर मचाकर लोगों ने घटना की जानकारी दी.
शोर सुनकर परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को आहर से बाहर निकाला. तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

