Medininagar : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के गृह जिले पलामू में जिला कोषागार पदाधिकारी को लॉगिन आईडी नहीं मिलने के कारण ट्रेजरी का कामकाज ठप है. पिछले करीब दो सप्ताह से विभिन्न प्रकार के भुगतान लंबित हैं. लोग लगातार ट्रेजरी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है.
पलामू की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, सेल टैक्स ऑफिसर डॉ. मनोज कुमार को 7 जुलाई से जिला कोषागार पदाधिकारी का प्रभार मिला है. इससे पूर्व सोमरा भगत कोषागार पदाधिकारी के प्रभार में थे. उनका तबादला हो चुका है. प्रभार बदलने के बाद से नए प्रभारी कोषागार पदाधिकारी को अब तक लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं कराई गई है. इसके कारण ट्रेजरी से होने वाले विभिन्न प्रकार के भुगतान और अन्य ऑनलाइन वित्तीय कार्य प्रभावित हैं.
लॉगिन आईडी नहीं मिलने से विभिन्न विभागों के संवेदकों का भुगतान भी अटक गया है. संवेदक लगातार ट्रेजरी कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें बिना भुगतान के ही वापस लौटना पड़ रहा है. सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े अन्य वित्तीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.
दो सप्ताह से भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदकों और अन्य संबंधित लोगों में परेशानी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि अधिकारी के तबादले के बाद नए प्रभारी को समय पर लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं कराया जाना गंभीर प्रशासनिक समस्या है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

