Palamu News: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में पंकज उरांव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. मामले में मृतक की पत्नी अनिमा कुमारी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार अनिमा ने पति से कथित मारपीट से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची थी. इसके बाद परिवार के लोगों के साथ मिलकर 10 लाख रुपये में हत्या की कथित सुपारी दी गयी.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन, नकदी, बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद किया है. एक कार भी बरामद की गयी है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पति की मारपीट से परेशान थी आरोपी पत्नी
पुलिस के अनुसार अनिमा की शादी वर्ष 2023 में पंकज उरांव से हुई थी. अनिमा ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था. इससे परेशान होकर उसने पति की हत्या की योजना बनायी. एसपी कपिल चौधरी के अनुसार अनिमा के पिता को एनएच की जमीन के मुआवजे के रूप में करीब 50 लाख रुपये मिले थे. पुलिस का दावा है कि इसी रकम में से 10 लाख रुपये हत्या के लिए दिये गये.
नाम बदलकर महिला ने प्रेम जाल में फंसाया
पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश में तेतरी देवी और उसके पति पिंटू कुमार को शामिल किया गया. इसके बाद रिंकी देवी और उसके पति को भी योजना में शामिल किया गया. जांच के अनुसार तेतरी देवी ने कथित तौर पर काजल कुमारी बनकर पंकज से फोन पर बातचीत शुरू की. उसे बातचीत के जरिए मिलने के लिए तैयार किया गया.
पंकज जब मिलने पहुंचता तो रिंकी देवी को काजल बनाकर उसके सामने भेजा जाता था. पुलिस के अनुसार कई दिनों तक फोन और मुलाकात का सिलसिला चलता रहा.
गला घोंटकर की हत्या
पुलिस के अनुसार घटना वाली रात पंकज को फोन कर मिलने के लिए बुलाया गया. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को एकता जंगल में फेंक दिया गया.
23 सितंबर की सुबह एकता जंगल से पंकज का शव बरामद हुआ था. पहचान के बाद उसके पिता के बयान पर लेस्लीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. थाना प्रभारी उत्तम कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

