Palamu News : चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्नी स्थित तालाब से शनिवार को महिला और उसके डेढ़ साल के बच्चे का शव तैरता मिला. दोनों का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान अरुण महतो की पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है.घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों के अनुसार, शुक्रवा शाम रंजू देवी अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ तालाब के पास शौच के लिए गई थी.काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन महिला और बच्चे का कहीं पता नहीं चला. शनिवार को जानकारी मिली कि दोनों तालाब में डूब गए हैं. इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां दोनों के शव तालाब से बरामद किए गए.
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया. पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला और बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में तालाब में डूबने से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा.

