Search

निकाय चुनाव व आगामी त्योहारों से पहले पलामू पुलिस अलर्ट, 1042 अपराधियों का सत्यापन अभियान

Palamu : नगर निगम चुनाव तथा होली, रामनवमी, सरहुल और ईद जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए पलामू पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. इसी क्रम में पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे अपराधियों का विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. 

 

पुलिस आंकड़ों के अनुसार कुल 1042 अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिनमें 718 का सत्यापन पूरा कर लिया गया है, जबकि 324 का सत्यापन अभी लंबित है. यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चल रहा है.

 

किन मामलों के अपराधी शामिल

सत्यापन सूची में शामिल अपराधी विभिन्न गंभीर धाराओं से जुड़े हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट के 284 मामले, डकैती/लूट (Decoity/Robbery) के 245 मामले, एनडीपीएस (मादक पदार्थ) के 430 मामले, संगठित अपराध (Organised Crime) के 83 मामले शामिल हैं.


पुलिस के अनुसार इन सभी अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, ठिकानों और सामाजिक व्यवहार की जांच की जा रही है, ताकि चुनाव और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके.

 

थाना स्तर पर चल रहा अभियान

मनातू, टाउन, चैनपुर, पांकी, छतरपुर, पाटन, हुसैनाबाद, हरिहरगंज समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में टीम बनाकर घर-घर सत्यापन किया जा रहा है. जिन थानों में सत्यापन लंबित है, वहां विशेष अभियान चलाकर जल्द प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

 

पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया है कि चुनाव और त्योहारों के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. सत्यापन अभियान का मकसद है कि कोई भी पुराना अपराधी दोबारा अपराध की ओर न लौटे और यदि उसकी गतिविधि संदिग्ध पाई जाती है तो उस पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा सके.

 

पलामू एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें, ताकि जिले में शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जा सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp